बागेश्वर जिले में होली का उत्साह जोरों पर है। रेडक्रॉस भवन में आयोजित होली में स्वयंसेवियों ने होली गायन किया। इस दौरान होली गीतों की धुन पर जमकर नृत्य भी किया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवियों ने जरूरतमंदो के जीवन में खुशियों बिखरने के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया। रेडक्रॉस के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ आरएसएस के जिला प्रचारक त्रिभुवन और नगर प्रचारक सागर ने किया। होल्यार और भजन गायक प्रमोद जोशी ने सिद्धि को दाता विघ्न विनाशन..., आज बिरज में होरी रे रसिया... समेत कई गीत प्रस्तुत किए। करीब दो घंटे तक चली होली की महफिल में स्वयंसेवियों ने जमकर ठुमके लगाए। होल्यार भाष्कर तिवारी, जया भाकुनी, लक्ष्मी कांडपाल, दीपा पिलख्वाल, सुनीता टम्टा, भावना रावत, कृतिका आदि ने अपने आकर्षक नृत्य से माहौल में रंग भरे। जिला सचिव आलोक पांडेय ने बताया कि विगत तीन साल से होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर वरिष्ठ होल्यार सीपी मिश्रा, हरीश दफौटी, वेद प्रकाश पांडेय, हिमांशु चौबे, कन्हैया वर्मा, आरपी कांडपाल, संदीप उपाध्याय आदि मौजूद रहे।