बागेश्वर में आपदा प्रभावित गांव पौंसारी में विभिन्न विभागों की ओर से विकास कार्य शुरू करा दिए गए हैं, लेकिन ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हैं। ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन दिया। उनसे गांव का निरीक्षण कर विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। सोमवार को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरीश राम के नेतृत्व में ग्रामीण डीएम से मिले। हरीश ने कहा कि 28 अगस्त 2025 को आपदा के दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला गांव में आया था। आपदा में खेत बर्बाद हो गए। पुल बह गए। सड़कें टूट गईं थी, लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। विभागीय टीमों ने नुकसान का जायजा लिया। अब क्षेत्र में विकास कार्य भी होने लगे हैं, लेकिन इनमें छोटी और अहम समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल लाइनें अब भी टेंपरेरी हैं। नदी किनारे सुरक्षा दीवार अब तक नहीं बनी है। घरों के आगे से नाले का निर्माण अब तक नहीं हुआ है। क्षेत्र में संचार सुविधा की दिक्कत बनी हुई है। ग्रामीणों ने आवासीय घरों के समीप सुरक्षात्मक कार्य कराने, गांव और खेतों में जमा मलबा साफ करवाने समेत अन्य जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता से करवाने की मांग की। इस मौके पर सादो राम, लाल सिंह, दयाल सिंह, खड़क सिंह आदि मौजूद रहे।