बागेश्वर में बीडीसी की पहली बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर जनप्रतिनिधियों का रवैया काफी नाराजगी भरा दिखा। क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने अधिकारियों के फोन नहीं उठाने के रवैये पर निराशा जताई। बजट की कमी, जानकारी के नहीं होने को लेकर भी अधिकारियों पर निशाना साधा। कहा कि अधिकारी अगर टालमटोल की नीति अपनाएंगे तो जनता के विकास कार्य कैसे होंगे। मंगलवार को विकासखंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख दीपा देवी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक का आयोजन किया गया। करीब साढ़े चार घंटे तक चली बैठक में समस्याओं को लेकर हंगामा भी देखने को मिला। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा समेत कई समस्याएं जनप्रतिनिधियों ने बैठक में उठाई। जुनायल के ग्राम प्रधान योगेश जोशी ने कहा कि ग्रामीणों को उनसे विकास की बड़ी उम्मीद रहती है। अधिकारियों से बात करने की कोशिश की जाती है, लेकिन उनका फोन नहीं उठता। अन्य सदस्यों ने भी इसका समर्थन करते हुए कुछ अधिकारियों के फोन नहीं उठाने पर निराशा जताई। जनप्रतिनिधियों की समस्या सुनने के बाद बैठक में उपस्थित सीडीओ आरसी तिवारी ने अधिकारियों से हर हाल में जनप्रतिनिधियों के फोन उठाने के निर्देश दिए। फोन नहीं उठा फाने की स्थिति में कॉल बैक करने को कहा। बैठक में पेयजल योजनाओं के निर्माण कार्य पूरे नहीं होने, सड़कों की बदहाल दशा, सड़कों पर सुरक्षात्मक कार्य, डामरीकरण, बिजली के झूलते तार, जर्जर पोल, शिक्षा, संचार जैसी तमाम समस्याएं उठी। अधिकारियों ने एक-एक कर जनप्रतिनिधियों के सवालों के जवाब भी दिए। बैठक का संचालन बीडीओ आलोक भंडारी ने किया। इस मौके पर जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, सीडीओ आरसी तिवारी, जिपं उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल समेत विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।