बागेश्वर जिले में कोविड काल में उपनल के माध्यम से सेवाएं दे चुके कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति मिलने का इंतजार है। दो साल से बेरोजगारी की मार झेल रहे कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर जल्द नियुक्ति और प्रोत्साहन राशि दिलवाने की मांग की। समस्या का निदान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। कोविड उपनल कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष दीपक कनौजिया ने बताया कि कोविड काल में महामारी की रोकथाम में कर्मचारियों न जीवन की परवाह किए बिना योगदान दिया। तब सरकार ने कर्मचारियों को विभाग में ही नियुक्त करने की बात कही थी, लेकिन मार्च 2023 में उनकी सेवा समाप्त कर दी गई। बताया कि कर्मचारियों को मार्च 2021 से फरवरी 2022 तक एक साल की प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी नहीं किया गया। पिछले दो साल से कर्मचारी नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। नियुक्ति का शासनादेश भी आ चुका है, लेकिन विभाग की ओर से अनदेखी की जा रही है। कहा कि अगर जल्द मांग पूरी नहीं होती तो उग्र आंदोलन करने को बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर गोविंद सिंह परिहार, आनंद प्रसाद, सीता देवी, जगदीश सिंह, रितु कनौजिया आदि मौजूद रहे।