बागेश्वर में चैत्र नवरात्र की अष्टमी के दिन जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। लोगों ने पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन कर सुख और सौभाग्य का आशार्वाद मांगा। नगर के चंडिका मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ने पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन कर मां की भेंटें और आरती गाई। गरुड़ तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध कोट भ्रामरी मंदिर में अष्टमी के दिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर के प्रवेश द्वार से परिसर के बाहर तक लंबी लाइन में लगकर लोगों ने मां के दर्शन के लिए इंतजार किया।मां चंडिका को पूरी-चने का भोग लगाकर भक्तों में प्रसाद वितरण किया। नगर के बागनाथ मंदिर, उल्ला माई मंदिर, जजी स्थित कालिका मंदिर, कांडा के कालिका माता मंदिर, भ्रदकाली मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, कपकोट के मां बाराही, भगवती मंदिर, काफलीगैर छानी के कालिका मंदिर, कराला पालड़ी के मां मैचुला मंदिर और दुगनाकुरी तहसील क्षेत्र के उल्का मंदिर स्यांकोट समेत सभी देवी मंदिरों में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना की।