सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया में चिकित्सकों की तैनाती और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए, सरकार को जगाने के लिए आंदोलनकारियों ने पद यात्रा निकालकर चौखुटिया से देहरादून को कूच किया। वहीं क्रमिक अनशन और आमरण अनशन भी जारी रहा। पिछले कई दिनों से चल रहे आंदोलन के बावजूद सरकार की ओर से सुध नहीं लिए जाने पर आंदोलनकारियों का पारा चढ़ गया। शुक्रवार को आंदोलनकारियों ने पदयात्रा निकालकर देहरादून को कूच किया। पद यात्रा रामगंगा आरती घाट से रवाना हुई। पदयात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए देर शाम गैरसैंण पहुंचेगी और वहीं रात्रि विश्राम करेगी। पदयात्रा पांडवाखाल, गैरसैंण, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग होते हुए देहरादून पहुंचेगी। आंदोलन के संयोजक भुवन कठायत ने कहा कि चौखुटिया जैसे दूरस्थ क्षेत्र में आंदोलन के बाद भी सरकार का जनता की सुध नहीं लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार ने उप जिला चिकित्सालय का दर्जा तो दे दिया लेकिन अब तक यहां आवश्यक स्टाफ, संसाधन और उपकरणों की भारी कमी है। पदयात्रा के माध्यम से सरकार को जगाया जाएगा। पदयात्रा में शामिल लोग देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे। इधर, मनोहर दत्त देवतल्ला और नारायण सिंह आमरण अनशन पर डटे रहे।