अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधायक और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के विवादास्पद बयान से प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है। वायरल हुए वीडियो में कैबिनेट मंत्री के पति गिरधारी महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिख रहे हैं। उनके बयान से राजनीति गरमा गई है। विवादित बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर के चौघानपाटा में सोमेश्वर विधायक और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू का पुतला फूंका। उन्होंने नारे लगाकर विरोध जताया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि गिरधारी लाल साहू एक कार्यक्रम में बिहार में 20–25 हजार में लड़की मिलने की बात कह रहे हैं। उनका यह बयान न केवल महिलाओं का घोर अपमान है बल्कि इससे पूरे देश की बेटियों की भावनाएं भी आहत हुई हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि भाजपा की सत्ता के संरक्षण में उनके नेताओं और परिजनों के भीतर महिलाओं को वस्तु समझने की घृणित मानसिकता पनप रही है। कैबिनेट मंत्री रेखा के पति गिरधारी का विवादित बयान पूरे महिला समाज का अपमान है। भाजपा सरकार चुप है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह इस मानसिकता का समर्थन करती है। भोज ने कहा कि कैबिनेट मंत्री को तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि वह इस बयान से सहमत है या नहीं। विधायक मनोज तिवारी ने इस बयान को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे नारों पर करारा तमाचा बताते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। कांग्रेस ने कहा कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।