अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे में क्षेत्रीय विकास और मांगों के लिए स्याल्दे में चल रहा अनशन आठवें दिन में प्रवेश कर गया। लगातार जिद पर डटे आंदोलनकारी ललित बिष्ट और राकेश बिष्ट के साथ मनोहरी, देवी देवकी देवी , विमला देवी, भूपाल बिष्ट, पूरन पालीवाल और जगत सिंह कंडारी भी क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। आंदोलनकारी ललित बिष्ट का वजन लगातार घट रहा है और अब तक आठ किलो कम हो चुका है। स्वास्थ्य में गिरावट के बावजूद उन्होंने और अन्य आंदोलनकारियों ने अपने सभी मांगों के पूर्ण होने की जिद नहीं छोड़ी। इस दौरान कांग्रेस नेत्री गंगा पंचोली ने आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि यह महिला हित और क्षेत्र की बंजर हो रही खेती को बचाने के लिए आवश्यक कदम है। उन्होंने सरकार से अपील की कि लंबे समय से ज्वलंत मांगों पर तुरंत ध्यान दिया जाए। राज्य आंदोलनकारी प्रयाग शर्मा ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास अब तक अधूरा रहा है।