सरदार बल्ल्भ भाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) पर अल्मोड़ा के युवाओं ने दौड़ लगाकर एकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में धीरज और महिला वर्ग में पूर्णिमा पहले स्थान पर रहे। खेल विभाग की ओर से विजेताओं को सम्मानित किया गया। मंगलवार सुबह सात बजे चौघानपाटा से पुलिस लाई तक महिला-पुरुष वर्ग की क्रांस कंट्री आयोजित हुई। बढ़ती ठंड के बीच भी जिले के युवाओं में उत्साह नजर आया। पुरुष ओपन वर्ग में चंदन सिंह, अरुण सिंह और महिला वर्ग में दीपिका, कशिश क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। विभाग ने प्रतियोगिता के दोनों वर्ग में दौड़ पूरी करने वाले दस-दस खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। वहां डीएसओ महेशी आर्या, मनोज सनवाल, हरीश कनवाल, डॉ. जेसी दुर्गापाल, जीवन प्रकाश, हरीश गोस्वामी, करिश्मा नायक, विक्रम भंडारी, हीरा कनवाल आदि मौजूद रहीं।