अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्वारब में पहाड़ी के दरकने की वजह से ठप यातायात शुक्रवार को भी सुचारु नहीं हो पाया। अभी तक प्रशासन की एजेंसियां सड़क की ओर से ही मलबा हटा रही थीं लेकिन अब दिशा बदल दी गई है। मशीनों को मलबा हटाने के लिए पहाड़ के बीच में भेजा गया है। मौके पर दो जेसीबी और दो पोकलेन तैनात हैं। उम्मीद है कि मलबा साफ होते ही रास्ता खोल दिया जाएगा। पिछले आठ दिन से क्वारब में यातायात पूरी तरह बंद है। कई प्रयास के बाद भी प्रशासन को रास्ता खोलने में सफलता नहीं मिल पाई है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के ईई महेंद्र कुमार ने बताया कि अब पहाड़ी के बीच से मलबे को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। दो दिन में काफी हद तक मलबा हटा दिया गया है।