तहसील रानीखेत में आयोजित तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी अल्मोड़ा आलोक कुमार पांडेय ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कार्यक्रम में भूमि, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व एवं पेंशन से जुड़ी कुल 51 शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम ने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि शेष शिकायतों को 15 दिन के भीतर निस्तारित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं तहसील दिवस की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान में मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं और शिकायतों को गंभीरता से लें। डीएम पांडेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। वहां प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत राहुल आनंद, तहसीलदार दीपिका आर्य, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना, जिला विकास अधिकारी एसके पंत समेत संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।