अल्मोड़ा में निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए बुधवार को सभी 59 पोलिंग पार्टियों को राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा परिसर, तहसील कार्यालय रानीखेत, द्वाराहाट, चौखुटिया तथा भिकियासैंण से रवाना किया गया वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा और उप जिला निर्वाचन अधिकारी सीएस मर्तोलिया की देखरेख में पोलिंग पार्टियों को मतपेटी और मतदान सामग्री के साथ उनके मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया। डीएम आलोक कुमार पांडेय ने लोगों से मतदान की अपील की। अल्मोड़ा जिले के एक नगर निगम (अल्मोड़ा), एक नगरपालिका (चिलियानौला) तथा तीन नगर पंचायत (द्वाराहाट, भिकियासैंण तथा चौखुटिया) के लिए कुल 59 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 23 जनवरी को मतदान होगा। जनपद के सभी निकायों में 37893 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें 19165 पुरुष, 18722 महिला और 6 अन्य वर्गीय मतदाता हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने मतदान सामग्री स्थल पर पहुंचकर जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पीठासीन अधिकारियों को बेहतर तालमेल के साथ निर्वाचन दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। वहीं, चुनाव को देखते हुए पुलिस ने जिले में जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर पुलिस की टीमों ने इसके लिए सभी पांचों निकायों में चेकिंग बैरियर लगाए हैं। एएसपी हरबंश सिंह और सीओ विमलप्रसाद ने भी चेकिंग अभियान की निगरानी की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सख्ती से चेकिंग करने के निर्देश दिए। इससे पहले एसएसपी की ओर से चुनावी ड्यूटी में तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों, इसके लिए प्रयास किए जाएं। कानून और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।