सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में मेजबान यूपी की बेटियों ने इतिहास रचते हुए 12 साल बाद क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। बृहस्पतिवार की शाम सिगरा स्टेडियम के इनडोर कोर्ट पर खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में यूपी ने ओडिशा की टीम को कांटे के मुकाबले में 3-1 से हरा दिया। यह मुकाबला लगभग ढाई घंटे तक चला। यूपी के मुकाबलों में दर्शकों की भारी मौजूदगी रही। उधर, रेलवे टीम से मिली 3-2 से शिकस्त के बाद यूपी के पुरुष टीम की चुनौती खत्म हो गई। तीन घंटे तक खींचे इस मुकाबले में रेलवे की ओर से रोहित ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम के लिए सर्वाधिक अंक बटोरे। मैच के दौरान हर अंक पर तालियों की गड़गड़ाहट और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहे।