कब्रिस्तान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. सुभाष राजभर ने तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों को जिंदा रखकर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं से ऐसे बयान की ही उम्मीद की जाती है, क्योंकि उनकी राजनीति धार्मिक ध्रुवीकरण पर आधारित है। डॉ. राजभर ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वह एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की बजाय "गुंडों जैसी भाषा" का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा, "कभी-कभी लगता है कि वह मुख्यमंत्री हैं ही नहीं। उनसे प्रदेश के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर बात की उम्मीद की जाती है, लेकिन वे लगातार समाज को बांटने वाले बयान दे रहे हैं।" राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए सपा नेता ने दावा किया कि कार सेवा में शामिल होने वालों में 99 प्रतिशत लोग पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग से थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित संगठनों के अधिकांश लोग उस समय खुद को सुरक्षित रखने के लिए हाउस अरेस्ट हो गए थे, जबकि आम लोग आंदोलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने विवादित स्थल तक कार सेवकों को पहुंचने से पहले ही रोकने की बात कही थी, ताकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनी रहे, लेकिन कुछ संगठनों ने माहौल को जानबूझकर उग्र बनाया। राजभर ने कहा कि उस दौर में अयोध्या के स्थानीय लोगों और किसानों को वर्षों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि जब 2014 में केंद्र और बाद में उत्तर प्रदेश में उनकी सरकार बन गई थी तो मंदिर निर्माण के लिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में इतनी प्रतिबद्ध थी तो उसी समय मंदिर निर्माण शुरू कर देना चाहिए था। सपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा खुद को हिंदू धर्म का ठेकेदार घोषित कर चुकी है और अब लोगों को धर्म का प्रमाण-पत्र बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर और धार्मिक मुद्दों से आगे बढ़कर भाजपा को महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं जैसे जनसरोकार के मुद्दों पर भी जनता के सामने जवाब देना चाहिए।