नगर निगम के जोन रामनगर कार्यालय में आउट सोर्सिंग पर तैनात पंप ऑपरेटरों ने अपनी मांगों को लेकर कामकाज ठप कर रामनगर जोनल कार्यालय में एई की गाड़ी के सामने लेटकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान एई और जेई का घंटों घेराव भी किया।आउट सोर्सिंग पर काम करने वाले कर्मचारियों का कहना था कि नगर निगम रामनगर जोन में तीस पंप ऑपरेटर, चार सीवर सफाई, दो प्लंबर मिस्त्री, दो प्लंबर सहायक, दो टैंकर चालक सब मिलाकर 43 कर्मचारी आउट सोर्सिंग पर तैनात हैं। अब उन्हें पंप ऑपरेटर से हटा वॉल्व ऑपरेटर बना कर मात्र 137 रुपये रोज पर काम करने को कहा जा रहा है। यही नहीं सितम्बर माह का वेतन भी नहीं दिया गया है। इन्हीं बातों से नाराज कर्मचारियों गुरुवार को पेयजल सप्लाई सहित सभी काम बंद कर जलकल कार्यालय के बाहर जलकल एई श्याम राज और जलकल जेई गौरव आनंद को घेरकर धरने पर बैठ गए और मौके पर जलकल महाप्रबंधक को बुलाने की मांग करने लगे।