शहर दक्षिणी के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. नीलकंठ तिवारी का 55वां जन्मदिन सोमवार को शास्त्रार्थ महाविद्यालय में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। महाविद्यालय के बटुकों ने वेद मंत्रों का पाठ कर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की तथा मिठाइयां बांटी। कार्यक्रम संयोजक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने कहा कि विधायक नीलकंठ तिवारी संस्कृत शिक्षा के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से संस्कृत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, कई संस्कृत महाविद्यालयों में सोलर संयंत्र और अनेक पाठशालाओं के छात्रों को निःशुल्क भोजन की सुविधा मिल रही है। इस अवसर पर डॉ. गणेश दत्त शास्त्री, आचार्य विकास दीक्षित, जगदीश तिवारी, बृजेश शुक्ल सहित बड़ी संख्या में बटुक और शिक्षक उपस्थित रहे।