वाराणसी के भिखारीपुर स्थित बीएलडब्ल्यू परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नव नियुक्त राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि डॉक्टर मरीजों के लिए भगवान का दूसरा रूप होते हैं और चिकित्सा सेवा मानव जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। हंसराज विश्वकर्मा अपने पहले सार्वजनिक कार्यक्रम में काशी सेवा शोध समिति की ओर से काशी हॉस्पिटल में आयोजित समागति कैंसर यूनिट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनके लिए मां के समान है और पार्टी के नेता उनके पथ प्रदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि यही भावना पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भी देखने को मिलती है। राज्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी में स्थापित होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र के माध्यम से पूर्वांचल के लाखों लोगों को कैंसर उपचार की बेहतर सुविधा मिल रही है। उन्होंने समागति कैंसर यूनिट और काशी हॉस्पिटल की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने चिकित्सकों से सेवाभाव के साथ कार्य करने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सतीश शर्मा ने कहा कि कैंसर को लेकर सामाजिक जागरूकता बेहद जरूरी है। समय रहते बीमारी की पहचान होने पर मरीज लंबा जीवन जी सकता है। वहीं कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आशीष उपाध्याय ने कैंसर से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत काशी सेवा शोध समिति के सचिव डॉ. टीपी सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. ए.के. प्रधान, डॉ. ओ.पी. राय, डॉ. राहुल, हिमांशु, विष्णु, अशोक सिंह, सुरेंद्र बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।