विवाह पंचमी के अवसर पर मंगलवार को रामनगर पीएसी के समीप स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में धूमधाम से श्रीराम विवाहोत्सव मनाया गया। राम जानकी मंदिर में कोहबर की अद्भुत झांकी सजाई गई और भगवान राम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यह मंदिर इसलिए खास है कि इसमें राजा दशरथ के चारो पुत्रों और पुत्रवधुओं की मूर्तियां प्रतिस्थापित हैं। अगहन शुक्ल पंचमी को इस मंदिर में श्रीराम विवाहोत्सव मनाया जाता है। मंगलवार को फूल मालाओं और विद्युतीय झालरों से आकर्षक ढंग से सजाये गए मन्दिर में श्रीराम- सीता, भरत - मांडवी, लक्ष्मण- उर्मिला और शत्रुध्न - श्रुत कीर्ति की मूर्तियो का अद्भुत और विशिष्ट वैवाहिक श्रृंगार किया गया। लड्डू और खाजा का भोग लगाया गया। चारो भाइयों के सिर पर सेहरा बांधा गया। इसके बाद 36 वीं वाहिनीं पी ए सी के जवानों की टुकड़ी ने दूल्हा बने भगवान राम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शाम से दर्शन पूजन का क्रम शुरू हुआ। दूर दराज से श्रद्धालु कोहबर की झांकी का दर्शन पूजन करने पहुंचे। काशीराज परिवार के लोग भी दर्शन करने पहुंचे। कीर्तन भजन का आयोजन किया गया। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान भक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चलता रहा। आयोजन में राम नारायण पाण्डेय,शांत नारायण पाण्डेय, हृदय नारायण पांडेय, रजनीश पांडेय, आशुतोष पांडेय, अभिषेक पांडेय आदि ने सक्रिय योगदान दिया।