चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन वाराणसी के निर्देशन पर आयोजित की जाने वाली काशी वंदन सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में वाराणसी की नृत्यांगना तनु गुप्ता तथा उनकी टीम का सामूहिक कथक नृत्य का कार्यक्रम हुआ। उन्होंने सर्वप्रथम शिव वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। तत्पश्चात पारंपरिक कथक में तराना पर नृत्य प्रस्तुत किया। श्रीराम स्तुति तथा उसके उपरांत दुर्गा स्तुति का प्रदर्शन हुआ। अंत में बनारसी दादरा 'रंगी सारी गुलाबी चुनरिया' पर नृत्य कर कार्यक्रम का समापन किया। आयोजित कार्यक्रम में नीशू सिंह, शिवांगी, अंजलि कुमारी और पुष्पा कुमारी ने भी प्रतिभाग किया। संचालन काशी विरासत संरक्षण समिति के सदस्य अंकित सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन अंशुमान महाराज ने किया।