शारदीय नवरात्र के समापन पर गोल्डन स्पोर्टिंग क्लब की दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन शनिवार को परंपरा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। पंडाल में माता की आरती और पूजन के बाद महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई। इसके बाद भक्तों ने नम आंखों से मां की विदाई की। संकरी गलियों से होते हुए प्रतिमा जुलूस के रूप में सड़क तक पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालु हाथों में आरती की थाली लिए पुष्पवर्षा करते दिखे। ढ़ोल-नगाड़ों की थाप और “जय माता दी” के उद्घोष से गलियां गूंज उठीं। लगभग एक घंटे बाद प्रतिमा गोदौलिया चौराहे पहुंची, जहां परंपरा अनुसार पांच परिक्रमा की गईं। इस दौरान भव्य आतिशबाजी से पूरा इलाका आलोकित हो उठा।