राजातालाब क्षेत्र के शाहंशाहपुर बाजार में हर घर जल योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। बाजार के मुख्य चौराहे पर करीब सात फीट लंबी पाइप पिछले एक वर्ष से सड़क के बीच बाहर निकली पड़ी है। इससे अब तक दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं, जबकि दो लोगों का पैर पाइप में फंसने से टूट चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार हर घर जल योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद पाइप को जमीन के अंदर ठीक से नहीं दबाया गया। पाइप का एक हिस्सा चौराहे पर बाहर छोड़ दिया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। पाइप डालने के दौरान तोड़ी गई सीसी सड़क भी उसी हालत में छोड़ दी गई है। दूसरी ओर पाइपलाइन को अब तक जोड़ा भी नहीं गया है, जिससे गांव के लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। भीषण गर्मी में पानी की सप्लाई बंद रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी प्रिंस कुमार सिंह, वहीद खान, सोनू, जावेद, चंद्रशेखर सिंह और राजिक रजा ने बताया कि गर्मी के मौसम में भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। हादसे से बचाव के लिए ग्रामीणों ने खुद पाइप को रस्सी के सहारे दीवार और खिड़की से बांध रखा है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। जल्द ही संबंधित एजेंसी से पूछताछ कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।