आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित नमो घाट फेस-3 पर नाविकों की मनमानी एक बार फिर विवाद का कारण बनी। शनिवार शाम गंगा आरती स्थल पर जबरन नाव लगाकर सवारी उतारने को लेकर हुए विवाद में नाविकों ने घाट के मैनेजर मनीष कुमार सिंह (38) की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नमो घाट फेस-3 पर प्रशासन द्वारा नियमित गंगा आरती कराई जाती है और इसके लिए आरती स्थल के सामने जेटी लगाई गई है। शनिवार शाम आरती से पहले दो बजड़ों पर सवार यात्रियों को उतारने के लिए नाव किनारे लगाई जा रही थी। इस दौरान घाट के सुरक्षा कर्मियों और छोटी गौबी सिगरा निवासी मैनेजर मनीष कुमार सिंह ने व्यवस्था का हवाला देते हुए नाव लगाने से मना किया। इस बात पर नाविक आक्रोशित हो गए और फोन कर अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। मनीष ने पुलिस को बताया कि फोन के बाद मौके पर बजड़ा मालिक अभिषेक साहनी, दीपक साहनी समेत 20 लोग वहां पहुंचे और पिटाई कर दी। मारपीट में मनीष के चेहरे, कमर और हाथ में चोटें आई हैं। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद व 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।