बनारस रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह का नज़ारा बेहद खास रहा। जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से खजुराहो के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, पूरा स्टेशन ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। लोगों में इस ऐतिहासिक पल को देखने का उत्साह चरम पर था।
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले से ही स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग स्टेशन के बाहर और प्लेटफार्म पर जुटने लगे थे। जैसे ही प्रधानमंत्री मंच पर पहुंचे, लोगों ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया। मोदी ने मुस्कुराते हुए सबका अभिवादन स्वीकार किया और कुछ स्कूली बच्चों से बातचीत भी की। बच्चों ने प्रधानमंत्री से ट्रेन और पढ़ाई से जुड़ी बातें कीं, जिस पर पीएम मोदी ने उन्हें प्रोत्साहित किया।
प्रधानमंत्री ने इसके बाद बनारस से खजुराहो को जोड़ने वाली इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच पर्यटन और व्यापारिक आवागमन को एक नई गति देगी। ट्रेन के रवाना होते ही यात्रियों ने हाथ हिलाकर प्रधानमंत्री का आभार जताया।
‘हर हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस मौके पर केंद्रीय और राज्य सरकार के कई मंत्री, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह वंदे भारत एक्सप्रेस बनारस और खजुराहो के बीच यात्रा को न केवल तेज़ और आरामदायक बनाएगी, बल्कि धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के बीच कनेक्टिविटी को भी मज़बूती देगी। यात्रियों में इस नई ट्रेन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।