हाईवे पर लखनऊ की ओर जा रहा तेज रफ्तार गिट्टी लदा ट्राला डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन पर खाद लदे ट्रक पर पलट गया। ट्रक के पीछे चल रहीं दो कार भी चपेट में आ गईं। ट्रक चालक की मौत हो गई। एक लेन बंद होने और पूरी सड़क पर गिट्टी फैलने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे बाद भी यातायात सामान्य नहीं हो सका है। रात करीब 8:30 बजे कानपुर से लखनऊ की ओर जा रहा गिट्टी लदा ट्राला (22 चक्का) हुसैन नगर चौराहा के पास एआरटीओ कार्यालय के सामने पहुंचा। इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में चला गया।ट्राला खाद लदे ट्रक में टक्कर मारते हुए उसके ऊपर पलट गया। ट्रक के पीछे चल रहीं दो कार भी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गए।