लखनऊ-बलिया हाईवे पर मोतिगरपुर कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह ट्रक बंद होने से करीब सवा घंटे तक आवागमन ठप रहा। ट्रक चालक और मालिक की लापरवाही के कारण सुबह नौ बजे से सवा दस बजे तक भीषण जाम लगा रहा। इससे सैकड़ों यात्री, स्कूली बच्चे और सरकारी बसों के यात्री परेशान होते रहे। जानकारी के मुताबिक, पांडेबाबा बाजार से कालीगंज जा रही मोरंग लदी ट्रक मोतिगरपुर चौक के पास अचानक बंद हो गई। चालक के प्रयासों के बाद भी ट्रक स्टार्ट नहीं हुई। बाद में पता चला कि ट्रक का डीजल खत्म होने के साथ बैटरी भी खराब थी। ट्रक को हटाने में करीब सवा घंटा लग गया। जाम में निजी स्कूल की दो बसें फंस गईं। शिक्षिकाओं ने बच्चों को करीब 750 मीटर पैदल चलवाकर विद्यालय पहुंचाया। सुल्तानपुर, शाहगंज और आजमगढ़ डिपो की बसों के यात्री ट्रेन और डॉक्टर की अपॉइंटमेंट छूटने की चिंता में परेशान रहे। करीब आधे घंटे बाद पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को दियरा बाजार और दोस्तपुर मार्ग से डायवर्ट कर यातायात सुचारू कराया। डीजल और नई बैटरी आने के बाद ट्रक चालू हुई, तब जाकर जाम खुल सका और यात्रियों ने राहत की सांस ली।