सुल्तानपुर में संविधान दिवस पर जब डॉक्टर अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण हो रहा था तब उसी प्रतिमा के सामने कांग्रेसी एक घंटे के मौन धरने पर बैठे। मंगलवार को यहां कांग्रेसियों ने संभल में हुई हिंसा को लेकर प्रदर्शन किया। जहां सरकार को घेरा गया है। नगर क्षेत्र में विकास भवन के सामने अम्बेडकर पार्क में संविधान निर्माता डॉ भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा के सामने कांग्रेसी मौन धरने पर बैठे थे। उन्होंने हाथों में पमप्लेट ले रखा था, जिस पर लिखा हुआ था "बाबा को कुर्सी प्यारी है, पुलिस ही खुद हत्यारी है।' बता दें कि जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन हुआ है। जिसमें राष्ट्रीय मीडिया कोर्डिनेटर राजेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष तेज बहादुर पाठक, हामिद राइन, जाकिर हुसैन, पवन मिश्रा आदि शामिल हुए। मीडिया से बात करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह संभल में घटना हुई उसमें पूरी जिम्मेदारी सरकार की है। सरकार अगर जागरूक होती और सरकार अगर अपने कर्त्यव्यों का पालन करती तो इतनी बड़ी घटना न होती। उन्होंने कहा वहां चार पांच लोगों की जाने गई उसके लिए हम लोग बहुत दुःखी और आहत हैं। सरकार को इसके लिए जिम्मेदारी लेनी चाहिए और दोषियों पर ऐसी कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। संबधित जो भी अधिकारी रहे हो, सरकार में जो जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग हैं उनको पद मुक्त करके कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।