सुल्तानपुर में शुक्रवार रात राजकीय मेडिकल कॉलेज से एक मरीज लापता हो गया। नई बिल्डिंग के चौथे फ्लोर पर भर्ती विश्राम गुप्ता अपने बेड नंबर 454 से गायब मिले। इस घटना से मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया है। मरीज विश्राम गुप्ता चांदा थानाक्षेत्र के महारानी पश्चिम के निवासी हैं। उन्हें 9 अक्तूबर 2025 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके बेटे हरिकेश गुप्ता के अनुसार, विश्राम गुप्ता 11 अक्तूबर 2025 की रात करीब 2:00 बजे अपने बेड से गायब हो गए। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा काटा। कैमरा चेक कराने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। परेशान परिजनों ने मरीज के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली नगर थाने में विश्राम गुप्ता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि विश्राम गुप्ता डिप्रेशन के मरीज थे। उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया था। इस संबंध में पुलिस को सूचित किया है।