सुल्तानपुर में भारतीय मजदूर संघ की जिला इकाई ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित 22 सूत्री मांग पत्र अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। संघ ने मजदूरों, कर्मचारियों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों की समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें एक जनवरी 2026 से लागू कर न्यूनतम वेतन 72 हजार रुपये करने की मांग की गई। आशा कार्यकर्ताओं को 18 हजार और आशा संगिनी को 24 हजार रुपये मानदेय देने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को नियमित करने की मांग उठी। परिवहन निगम के संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, एनएचएम कर्मियों की समस्याओं के समाधान और बर्खास्त एंबुलेंस कर्मियों की बहाली की मांग भी की गई। पटरी-रेहड़ी दुकानदारों को स्थान, ई-रिक्शा व ऑटो चालकों को स्टैंड देने और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिला मंत्री शशांक मोहन शुक्ला समेत पदाधिकारी मौजूद रहे।