सुल्तानपुर में सोमवार को परिषदीय विद्यालयों की अर्धवार्षिक परीक्षा प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के बीच शुरू हुई। कई विद्यालयों में परीक्षा के दौरान कक्षाओं में छात्रों को क्षमता से अधिक में बैठाया गया, जिससे परीक्षा की शुचिता भी प्रभावित हुई। कंपोजिट विद्यालय खनुहट में छात्रों को जमीन पर बैठाकर परीक्षा देनी पड़ी, जबकि उत्तर पुस्तिकाओं की व्यवस्था अध्यापकों ने अपने स्तर पर की। चौंकाने वाली बात यह रही कि विभाग परीक्षा शुरू होने के समय तक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने में विफल रहा। निर्धारित समय 9:30 बजे की परीक्षा के लिए मॉडल प्रश्नपत्र 10:30 से 11बजे के बीच बीआरसी से विद्यालयों को भेजा गया। इसके बाद प्रश्नों को श्यामपट पर लिखकर परीक्षा संपन्न कराई गई। पहली पाली में कृषि विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई, लेकिन अव्यवस्थाओं के चलते छात्र-छात्राओं काफी परेशानी उठानी पड़ी। विभाग की इस लापरवाही से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए हैं, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और परीक्षा की गंभीरता पर भी प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।