यूपी के सुल्तानपुर में जयसिंहपुर क्षेत्र में हुए चंदन शर्मा हत्याकांड में आरोपियों को शरण देने और पुलिस टीम पर हमला करने के आरोपी बझना गांव निवासी प्रेम कुमार यादव की झोपड़ी पर रविवार को बुलडोजर चला। प्रेम कुमार ने गांव के खलिहान (गाटा संख्या 512) पर अवैध रूप से पशुशाला और छप्पर बनाकर कब्जा कर रखा था। साथ ही उसी गाटे में बने मकान का सहन-दरवाजा भी खोल लिया था। तहसीलदार मयंक मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से अवैध निर्माण को ढहाकर जमीन कब्जा मुक्त कराई। कार्रवाई राजस्व निरीक्षक सत्यनारायण की अगुवाई में की गई। इस दौरान जयसिंहपुर पुलिस भी मौजूद रही। बताते चलें कि 1 अगस्त को चंदन शर्मा की हत्या हो गई थी। इसने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने गई पुलिस टीम पर आरोपी पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया था। इसमें प्रेम कुमार का नाम भी सामने आया था। इस पर हत्यारोपियों को पनाह देने और पुलिसकर्मियों पर हमले का आरोप है। तहसीलदार मयंक मिश्रा ने बताया कि आरोपी के अवैध निर्माण को ढहाया गया है।