सोनभद्र जिले के विकास खंड बभनी के चैनपुर लैंपस पर मंगलवार को डीएपी खाद के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई घंटे इंतजार के बाद भी खाद न मिलने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और हंगामा करने लगे। स्थिति देख सिर्फ समिति के 54 सदस्यों को खाद देने के बाद वितरण बंद कर दिया गया। नाराज महिलाओं-पुरुषों ने वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया है। बारिश के बाद किसान खरीफ फसलों की खेती में जुट गए हैं। इसके लिए उन्हें खाद की जरूरत है। मंगलवार को बड़ी संख्या में खाद लेने के लिए महिला-पुरुष समिति पर उमड़ गए। किसानों का आरोप है कि सहकारी समिति पर करीब 300 बोरी डीएपी उपलब्ध थी। 54 सदस्यों को खाद देने के बाद वितरण रोक दिया गया, जबकि करीब 115 बोरी डीएपी ही बांटी गई थी। इसके चलते बड़ी तादाद में महिला-पुरुष घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद बिना खाद लिए लौटने को मजबूर हो गए।