शक्तिनगर में मनबढ़ों ने मामूली विवाद में एक युवक की पहले जमकर पिटाई की। फिर वीडियो भी बनाया। पांच दिन पुरानी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। एक नामजद आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। एएसपी ने मामले में कठोर कार्रवाई किए जाने को कहा है। घटना 26 सितंबर की है। शक्तिनगर के बैरियर गेट नंबर एक के पास एक युवक का कुछ लोगों से विवाद हो गया। इसके बाद मनबढ़ों ने युवक को लात-घूंसों से जमकर पिटा। युवक के लहूलुहान होने के बाद अपशब्दों का प्रयोग करते हुए इसका वीडियो भी बनाया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित युवक के परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को मप्र के बैढ़न स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच बुधवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा। शर्मनाक करतूत की जानकारी होते ही पुलिस हरकत में आई। आनन-फानन शक्तिनगर पुलिस पीड़ित युवक के घर पहुंची, मगर वहां कोई नहीं मिला। बाद में फोन से उनसे संपर्क कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। इस बाबत एएसपी मुख्यालय कालू सिंह ने बताया कि पीड़ित और उसके भाई से मिली जानकारी के आधार पर अंकित भारती को हिरासत में लिया गया है।