सब्जी मंडी को खाली कराए जाने से नाराज सब्जी विक्रेताओं ने सोमवार को हंगामा मचाया। रेलवे की कार्रवाई के विरोध में मुख्य मार्ग पर सब्जी बिखेर कर जाम लगा दिया। जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस और तहसीलदार ने सब्जी विक्रेताओं से वार्ता कर जाम समाप्त करवाया। कुछ दिन पूर्व रेलवे ने वर्षों से लग रही सब्जी मंडी को हटवा दिया था। इसके बाद शिकायत पर शनिवार को एसडीएम ओबरा विवेक सिंह ने मौके पर पहुंचकर सब्जी विक्रेताओं से वार्ता किया था। उन्हें रेलवे के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद सब्जी विक्रेताओं ने फिर से दुकान लगा ली। सूचना पर पहुंचे रेलवे की टीम ने सब्जी मंडी में लगी दुकानों को बल पूर्वक हटवा दिया। इससे खफा सब्जी विक्रेताओं ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया। हाईवे पर टमाटर, आलू, बैंगन आदि सब्जी भी बिखेर दिया और धरने पर बैठ गए। इससे मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार सुनील कुमार ने वार्ता की। समझा-बुझाकर रास्ता खाली कराया। बताया कि रेलवे के स्थानीय अधिकारी अपने उच्चाधिकारियों से वार्ता के बाद ही निष्कर्ष निकालेंगे। बिना सहमति बने कुछ भी न करने के लिए कहा गया है।