नए साल के जश्न की आड़ में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से पुलिस सख्ती से निबटेगी। पिकनिक स्पॉटों, बार, मॉल, रेस्तरां, होटल, लॉज और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर खासी सतर्क नजर रखी जाएगी। बुधवार की रात एसपी अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में पुलिस सड़क पर उतरी। रॉबर्ट्सगंज नगर के प्रमुख मार्गों सहित अन्य क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वाहनों की जांच की गई। नए साल पर जहां एक तरफ युवाओं की टोली धमाल मचाने की तैयारी में जुटी हुई है। वहीं जश्न के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बनने पाए, इसके लिए पुलिस की तरफ से भी सुरक्षा को लेकर जरूरी इंतजाम किए गए हैं। एसपी ने बताया कि जगह-जगह लगाए गए सीसी टीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। थाना-चौकी इंचार्जों को भी अपने-अपने इलाके में सतत निगरानी बनाए रखने और नशे की हालत में नजर आने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस को भी नशे की हालत में तथा तेज गति से वाहन चलाने वालों पर नजर रखने और कार्रवाई के लिए कहा गया है। रेस्तरां, माल, भीड़भाड़ वाले स्थान पर पुलिस की विशेष नजर है। महिलाओं की आवाजाही वाले स्थलों पर एंटी रोमियो दस्ते को सक्रिय रखा जाएगा। नए साल की पहली सुबह को पिकनिक स्पॉटों पर उमड़ने वाली भीड़ पर भी पुलिस की निगरानी बनी रहेगी। पीआरवी वाहनों के साथ ही सभी थाने-चौकियों की भी पेट्रोलिंग टीम हाइवे व मुख्य मार्गों पर बनी रहेगी। नगरीय क्षेत्रों में मौजूद होटलों-ढाबों के साथ हाइवे पर मौजूद ढाबों पर भी सतर्क नजर रखी जाएगी। इस दौरान अगर कोई नशे की हालत में मिला तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।