राॅबर्ट्सगंज विधायक भूपेश चौबे ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री अल्पविकसित शहरी विकास योजना के तहत 2.93 करोड़ रुपये की लागत से 10 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें राॅबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में पांच, चुर्क नगर पंचायत में तीन और डाला नगर पंचायत में दो कार्य शामिल हैं। डूडा विभाग की ओर से कराए जाने वाले इन कार्यों में सीसी रोड, इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण शामिल हैं। इनके पूरा होने से शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और जल निकासी व्यवस्था में सुधार आएगा। इस मौके पर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के रूप में वह नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डूडा सुधांशु शेखर शर्मा, अवर अभियंता जितेंद्र कुमार तिवारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर सभासद अनिता देवी,विकास मिश्रा, दिनेश कुमार, बलराम सोनी, संजय जायसवाल,अरूण कुमार, बंटी आदि उपस्थित रहे।