लटकते विद्युत पोल की कराई जाए मरम्मत : रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के पकरी गांव में लगा विद्युत पोल काफी दिनों से झुका हुआ है, जिससे कभी भी दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। पोल के नीचे से प्रतिदिन दर्जनों वाहन गुजरते हैं और स्थानीय लोगों का भी आवागमन लगातार जारी रहता है। तेज हवा या बारिश में पोल गिरने की संभावना और बढ़ जाती है। कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराने के बाद भी मरम्मत नहीं की गई है। लटकते हुए पोल को तत्काल सीधा कर मजबूत किया जाए। - मुन्ना सिंह, पकरी, रॉबर्ट्सगंज खुला नाला को ढकवाया जाए : रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के सर्विस लेन से पकरी रोड होकर न्यू कॉलोनी मार्ग पर स्थित खुला नाला राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। मोड़ पर नाला खुला होने के कारण आए दिन बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं और घायल हो रहे हैं। रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि नाला साफ दिखाई नहीं देता। कई बार वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं। बावजूद इसके कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। नाले पर शीघ्र ढक्कन लगवाया जाए, ताकि दुर्घटना की आशंका समाप्त हो सके और लोग सुरक्षित आवागमन कर सकें। - गजेंद्र सिंह, रॉबर्ट्सगंज।