सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज नगर के बढ़ौली चौक के पास एक पेट्रोल पंप पर बुधवार की रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब वहां खड़ी बस अचानक स्टार्ट होकर आगे बढ़ने लगी। करीब 10 मीटर तक बिना ड्राइवर चलते हुए बस सामने खड़ी एक कार से टकरा गई। संयोग रहा कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। बस की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। बताते हैं कि बस को रात में पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर चालक चला गया था। आधी रात में अचानक बस के अंदर की लाइट जलने लगी और बस स्टार्ट होकर आगे बढ़ने लगी। चालक ने बताया कि बस हाल ही में बनकर आई है। ढलान पर लुढ़कने से बस अचानक स्टार्ट हो गई। यह पूरा वाकया पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।