भाजपा के पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का दो दिवसीय आयोजन सोमवार को चुर्क मोड़ स्थित एक होटल में शुरू हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्हें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की विचारधारा से जोड़ने और आगामी चुनावों के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री शंकर गिरि ने बूथ प्रबंधन विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। दूसरे सत्र में अनिल श्रीवास्तव ने भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनसंघ से लेकर भाजपा के विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने तक के सफर की जानकारी दी। नागेंद्र रघुवंशी ने कार्यपद्धति विषय पर संगठन की कार्यशैली, अनुशासन और टीम भावना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। अशोक चौरसिया ने कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण देते हुए संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और बूथ सशक्तिकरण को चुनावी सफलता का आधार बताया। जिलाध्यक्ष नंदलाल ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देते हैं। इस मौके पर वर्ग प्रभारी संजय भाई पटेल, राज्य मंत्री संजीव गोंड, सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व सांसद राम सकल, एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, श्रवण गोंड, पूर्व विधायक तीरथ राज, डॉ. धर्मवीर तिवारी, अजीत चौबे, अशोक मिश्रा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।