चोपन थाना क्षेत्र के सिंदुरिया अस्पताल रोड पर देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घर के बाहर खड़ी एक कार में अनियंत्रित 108 एम्बुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद एम्बुलेंस चालक मौके से फरार हो गया।घटना का पूरा दृश्य घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और एम्बुलेंस दोनों ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सौभाग्य से घटना रात के समय हुई, जब सड़क पर भीड़भाड़ नहीं थी। यदि यह हादसा दिन में होता तो बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। घटना की जानकारी सुबह कार मालिक और आसपास के लोगों को हुई। कार मालिक ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल फरार एम्बुलेंस चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।