सीतापुर में इमलिया सुल्तानपुर थाना इलाके में नौवा अंबरपुर मोड़ पर हादसा हो गया। इसमें चाचा की मौत हो गई। जबकि, भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। ये लोग थाना क्षेत्र के ही जगना गांव के रहने वाले थे। बाइक से पिपरझला से काजीकमालपुर की ओर अपने गांव लौट रहे थे। मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर रोड किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे में चाचा लक्ष्मन (45) पुत्र विश्राम की मौत हो गई। जबकि, रिंकू पुत्र राकेश घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ऐलिया ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने बताया कि चाचा-भतीजे पिपरझला थाना क्षेत्र के मितौली में मकान बनाने का काम करते थे। रविवार की रात को काम निपटाकर वापस घर लौट रहे थे। देर रात तक जब वापस न आए को परिजनों ने तलाश की। नौवा अंबरपुर मोड़ के पास चाचा-भतीजे व बाइक गड्ढे में दिखी। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज तिहार इंद्रजीत मौके पर पहुंचे व घायलों को इलाज के लिए भेजा।