श्रावस्ती जिले में सार्वजनिक भूमि पर बने मदरसों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रही। इस दौरान प्रशासन ने अशरफ नगर व रामपुर बस्ती में बने दो मदरसों को जेसीबी से ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान बगैर मान्यता संचालित 18 मदरसों को भी सील किया गया। भिनगा तहसील क्षेत्र के ग्राम अशरफ नगर में संचालित मदरसा अरबिया गौसिया सफी उल उलूम सरकारी भूमि पर बना हुआ था। जिसे तहसील प्रशासन ने मंगलवार को जेसीबी के सहयोग से जमींदोज करा दिया। वहीं जमुनहा तहसील क्षेत्र के रामपुर बस्ती में सरकारी भूमि पर स्थित मदरसा दारूल उलूम गौसिया फैजान रजा पर जेसीबी चलाकर ध्वस्त कराया गया। इस दौरान जिले के अलग अलग स्थानों पर निजी भूमि पर बगैर मान्यता संचालित 18 मदरसों को चिह्नित कर सील कराया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित मदरसा संचालकों में हड़कंप देखा जा रहा है। इस बारे में डीएम अजय कुमार द्विवेदी का कहना है कि बगैर मान्यता किसी भी कीमत पर मदरसों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। यदि कहीं बगैर मान्यता मदरसा संचालित है तो उसे बंद कर वहां शिक्षणरत छात्रों को नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में भेज दें। साथ ही सार्वजनिक भूमि पर बने मदरसों आदि को स्वयं से तोड़ कर खाली कर लें। अन्यथा यह कार्रवाई जारी रहेगी।