साधारण दिखने वाला भगवानपुर बनकट के मजरा लोन पुरवा निवासी हरीश कुमार उर्फ हरि सिंह असाधारण है। केंद्र व प्रदेश सरकार की तारीफ में कसीदा पढ़ने वाला यह भाजपाई या जनसंघी नहीं बल्कि ईसाई मिशनरी का प्रचारक है। अमर उजाला के मिशनरियों का मिशन मुस्लिम अभियान की शुरुआत हुई तो श्रावस्ती का पंजाब कनेक्शन भी सामने आ गया। अब पुलिस उसे तलाश रही है। नेपाल सीमा से सटे श्रावस्ती की धरती से कभी बुद्ध ने दुनिया को शांति का संदेश दिया। तो इसे जैन तीर्थंकर भगवान संभवनाथ की जन्मस्थली होने का गौरव भी मिला। इसी धरती पर जन्मा व पला बढ़ा हरि सिंह आज मिशनरियों का संदेश वाहक बन चुका है। उसकी माने तो उसने यह सब यूट्यूब से सीखा। यूट्यूब पर ऐसे तमाम वीडियो, ऑडियो व लेखा मौजूद है, जो लोगों को ईसाई धर्म से जुड़ने को प्रेरित करते है। इस अभियान में शामिल मिशनरी के लोग बीमार, आर्थिक रूप से कमजोर व परेशान लोगों को बरगला कर उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे है। फिलहाल उसका पंजाब कनेक्शन क्या है। इस सवाल को अपनी मुस्कान में छिपाकर वह कोई गहरा राज छिपा रहा है। इस राज को उजागर करने के लिए प्रशासन उसकी संपत्ति की जांच कराएगा। एसडीएम इकौना ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इसे किन परिस्थितियों में प्रधानमंत्री आवास दिया गया, स्कूल में चालक की नौकरी छोड़ने के बाद इसने कहां कहां कितनी भूमि खरीदी, इसकी जांच कराई जाएगी। ऐसा हुआ तो न सिर्फ उसका पंजाब कनेक्शन उजागर हो सकता है, बल्कि इससे कौन कौन लोग जुड़े हैं, इसे फंडिंग कहां से होती है। इसका भी खुलासा हो सकता है। जिले सहित आसपास के जिलों व सीमा पार नेपाल से भी इसका कोई कनेक्शन तो नहीं। इसकी हकीकत भी उजागर हो सकती है। फिलहाल पुलिस हरि सिंह की तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही इन सबका पर्दाफाश हो सकेगा।