श्रावस्ती में रविवार देर रात ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसा इकौना क्षेत्र के बौद्ध परिपथ पर जयचंदपुर कटघरा के मजरा पांडेय पुरवा स्थित गौशाला के निकट हुआ। उसकी पहचान क्षेत्र के ही सेमगढ़ा के मजरा बालेपुरवा निवासी झब्बार अली (16) पुत्र नैब्बर अली के रूप में हुई। वह बहराइच के सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह पर जियारत करने गया था। वहां से साइकिल से वापस घर लौट रहा था। गौशाला के पास बहराइच से बलरामपुर की ओर जा रहे ओवरलोड ट्रक ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस से सीएचसी इकौना पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार पांडेय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को कब्जे में लिया है। किशोर की मौत से उसकी मां, भाई इबरार अली (14), इसरार अली (12) सहित परिवार के लोगों का रो रोकर हाल बेहाल है।