उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में शुक्रवार को कुछ लोगों ने बारहसिंघा को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। इसे देख पहुंचे ग्रामीणों ने मारने वालों को दौड़ा लिया। सूचना पर पुलिस टीम के साथ एसडीएम व रेंजर ने जानकारी जुटाई। आरोपी बहराइच जिले के बताए जा रहे हैं। हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र का ग्राम मनिहारतारा का मजरा खुशामदपुर गांव बहराइच जिले की सीमा के समीप स्थित है। खुशामदपुर गांव के पास बाग में एक बारहसिंघा कई महीनों से रह रहा था। शुक्रवार को बारहसिंघा पड़ोसी बहराइच जिले के थाना रिसिया क्षेत्र के सैदा गांव की तरफ चला गया था। इसे देख सैदा गांव के लोगों ने बारहसिंघा को लाठी-डंडा लेकर दौड़ा लिया। बारहसिंघा भागते हुए वापस खुशामदपुर गांव के पास कुंवर बहादुर सिंह के आम के बाग में आ गया। जहां लोगों ने लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। इससे बारहसिंघा की मौत हो गई।