श्रावस्ती में दिव्यांगता के विषय में हमें अपनी धारणा बदलनी होगी, क्योंकि आज विभिन्न श्रेणी के दिव्यांगों ने यह साबित कर दिया है कि दिव्यांगता अभिशाप नहीं है। ईश्वर ने दिव्यांग जनों को अनेक गुणों से परिपूर्ण किया है, बस आवश्यकता इस बात की है कि दिव्यांग जनों को उनकी प्रतिभा के प्रदर्शन हेतु एक मंच प्रदान किया जाए। यह बातें समग्र शिक्षा अभियान के तहत बीआरसी जमुनहा में आयोजित एलिम्को कानपुर के माध्यम से उपकरण वितरण कार्यक्रम के दौरान एसडीएम जमुनहा आशीष भारद्वाज ने कही। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में समाहित करने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मेरी सभी अभिभावकों से अपील है कि आप योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं। बीईओ जमुनहा सतीश कुमार ने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसमें ऐसे दिव्यांग बच्चे जो अपनी गंभीर दिव्यांगता के कारण विद्यालय नहीं जा सकते उनके अभिभावकों को बच्चों को विद्यालय तक ले जाने एवं लाने के लिए एस्कार्ट एलाउंस दिया जा रहा है। दिव्यांग बालिकाओं को नियमित रूप से विद्यालय लाने के लिए तथा बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए बालिकाओं के स्टाईपेंड प्रदान किया जा रहा है। जिला समन्वयक अजीत कुमार उपाध्याय बताया कि जमुनहा ब्लाक में बड़ी संख्या में ऐसे बच्चे हैं जो अपनी गंभीर दिव्यांगता के कारण विद्यालयी शिक्षा से वंचित हैं, किंतु इस कैंप के माध्यम से एलिम्को कानपुर के द्वारा उपकरण पाकर यह बच्चे शिक्षा की मुख्यधारा में समाहित होंगे। इस दौरान 15 बच्चों को ट्राईसाइकिल, 11 बच्चों को व्हीलचेयर, चार बच्चों को सीपी चेयर, छह बच्चों को वैशाखी, चार बच्चों को रौलेटर, पांच बच्चों को ब्रेल किट, 47 बच्चों को टीएलएम किट, पांच बच्चों को छड़ी, 54 बच्चों को हियरिंग एड व 15 बच्चों को कैलीपर प्रदान किया गया है। इस मौके पर सुजीत सिंह, उमाशंकर, प्रदीप कुमार, सत्यप्रकाश, प्रतिभा सिंह, चन्द्रेश्वर यादव, पवन वर्मा, आलोक गुप्ता आदि मौजूद रहे।