यूपी के श्रावस्ती में रविवार को एक गांव में बरात आई थी। हलवाई खाना बना रहा था। इसी समय गैस पाइप में लीकेज होने से सिलिंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते तीन सिलिंडर ब्लास्ट हो गए। आग से पंडाल और आसपास के सात घर जल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। घटना सोनवा क्षेत्र के नारायणपुर के मजरा बैभी गांव की है। गांव निवासी ढोडे यादव की पुत्री का विवाह था। रात में बरातियों व रिश्तेदारों के लिए हलवाई खाना बना रहा था। इसी समय गैस सिलिंडर की पाइप से गैस लीक होने के कारण उसने आग पकड़ ली। पास रखे रसोई गैस के अन्य सिलिंडर ने भी आग पकड़ ली। देखते ही देखते तीन सिलिंडर ब्लास्ट हो गए। इसके बाद टेंट भी धू-धूकर जलने लगा। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जब तक आग पर काबू पाया जाता पड़ोसी नारायण सोनकर, ननकऊ, गुरदास, लालजी, लक्ष्मी व सतीश के घर भी जलने लगे। सातों घरों का सामान जलकर राख हो गया।