शामली के बनत में युवा जन सेवा संगठन के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट पर धरना दिया और जिलाधिकारी आलोक यादव को ज्ञापन सौंपा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आसिफ ने बताया कि पट्टी मसावी के राजकीय इंटर कॉलेज में 450 विद्यार्थियों पर केवल एक शिक्षक तैनात है। वहीं, करीब 30 हजार की आबादी वाले भैसानी इस्लामपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं है। संगठन ने समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कराने की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजने की बात कही।