शामली जनपद के झिंझान पुलिस के साथ मुठभेड़ में गांव मंगलौरा में पांच दिन पहले जयवीर की गोली मारकर हत्या करने में नामजद राहुल उर्फ छोटू पैर मे गोली लगने से घायल हुआ है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मंगलौरा निवासी जयवीर की चार अक्टूबर की शाम को खेत से घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में गांव के राहुल को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राहुल ने 15 साल पहले अपने पिता सत्यवान की हत्या के बदले में यह हत्या की थी। सत्यवान की हत्या में जयवीर करीब 11 साल जेल में रहा था। जेल से आने के बाद वह तीन चार साल से गांव में रह रहा था । आरोपी राहुल की गिरफ्तारी न होने पर उस पर एसपी की तरफ से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एएसपी संतोष कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर रात सूचना पर पुलिस ने गांव सिंगरा के जंगल में राहुल की घेराबंदी की तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर मे गोली लगने से राहुल घायल हो गया। अस्पताल में उपचार कराने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर पहले भी जानलेवा हमले के कई मामले दर्ज है। आरोपी के कब्जे से तमंचा, दो कारतूस वी एक खोखा बरामद हुआ है।