चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक कुमार के कैंप कार्यालय से साढ़े पांच लाख रुपये की चोरी का 10 दिन बाद भी खुलासा नहीं हुआ। इससे आक्रोशित स्वास्थ्यकर्मियों ने शहर कोतवाली में धरना दिया। डॉ. दीपक कुमार कोतवाली में धरने के दौरान इतने आक्रोशित हुए कि उन्होंने मुठभेड़ का सच बोल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने आप मुलजिम को 20 गोली मारकर लाती है। सीओ, एसपी खुद खड़े होकर जबरदस्ती एक गोली लिखवाते हैं। उन्होंने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि खोलेंगे इनके पर्चे। हम खोलेंगे इनके चिट्ठे। मानवाधिकार से इसकी जांच कराएं। कितनी गोली मारकर लाते हैं, कितनी लिखवाते हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि जेबकतरे को गोली मार देंगे और जो असली हत्यारा है उसे छोड़ देंगे। कानून के रक्षक ये ही हैं क्या, ये सबसे बड़े डकैत बैठे हैं। छह लाख वाले को बिरयानी खिलाते हैं और छोड़ देते हैं। डाक्टर के बयान से पुलिस में हड़कंप मच गया। किसी तरह डॉक्टर को समझाकर शांत किया। डाक्टर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।