जलालाबाद में बैंक मित्र पर लाखों रुपये के गबन के आरोप को लेकर गुरुवार को पंजाब नेशनल बैंक शाखा में जमकर हंगामा हुआ। नाराज उपभोक्ताओं ने बैंक पर ताला जड़ दिया और कर्मचारियों को अंदर ही रोक लिया। ग्राहकों का आरोप है कि बैंक मित्र अंकुर ने खातों में जमा कराने के लिए ली गई रकम जमा करने के बजाय उसका गबन कर लिया। पीड़ित ग्राहकों का कहना है कि घटना को 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन बैंक प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद रकम वापस न मिलने से नाराज लोगों ने बैंक परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और तालाबंदी कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ताला तोड़कर बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों को बाहर निकाला तथा बैंक का कामकाज दोबारा शुरू कराया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने बैंक प्रबंधक को लिखित शिकायत सौंपकर अपने पैसे वापस दिलाने और आरोपी बैंक मित्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।